

अयोध्या/कर्नलगंज।पवित्र श्री अयोध्या धाम की ऐतिहासिक 84 कोसी परिक्रमा एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में प्रारंभ हो गई है। श्री सद्गुरु कृपा मंडल के नेतृत्व में महंत स्वामी गया शरण जी महाराज के सानिध्य में यह परिक्रमा आज हनुमान बाग बस्ती से विधिवत रूप से प्रस्थान कर गई।
परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालु श्रृंगी ऋषि आश्रम से होते हुए आगे बढ़ेंगे और महादेव घाट गोसाईगंज (अयोध्या) में विश्राम करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी 84 कोसी परिक्रमा का शुभारंभ मकोड़ा धाम से किया गया था, जिसमें देश-प्रदेश से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे। इस धार्मिक आयोजन का विशेष महत्व है, क्योंकि यह परिक्रमा भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या के 84 कोस क्षेत्र की परिधि में की जाती है और इसे अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है।
महंत स्वामी गया शरण जी महाराज ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और श्रद्धा भाव के साथ परिक्रमा पूर्ण करने का आह्वान किया। प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज






