


लखनऊ।भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा जारी विशेष मौसम बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। विभाग ने 3 अप्रैल से तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। 3 अप्रैल से शुरू होकर 6 अप्रैल तक कई जिलों में तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा, झोंकों में 50-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना है, साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।
प्रभावित क्षेत्र:सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर सहित कई जिलों में मौसम का व्यापक असर देखने को मिलेगा। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग दिनों में वर्षा और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
दिनवार स्थिति:3 अप्रैल: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं
4 अप्रैल: पूरे प्रदेश में आंधी, बारिश और कुछ जगह ओलावृष्टि
5 अप्रैल: कई जिलों में तेज आंधी और बारिश जारी रहने की संभावना
6 अप्रैल: कुछ क्षेत्रों में मौसम सामान्य, लेकिन पूर्वी यूपी में हल्की बारिश संभव
जनजीवन पर असर: इस मौसम बदलाव से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। तेज हवाओं से पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कच्चे मकानों को नुकसान की आशंका है। किसानों की फसलों पर भी असर पड़ सकता है, खासकर गेहूं और सब्जियों की फसल को नुकसान होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की सलाह:
खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहें
पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें
वाहन चलाते समय सावधानी बरतें
किसानों को फसल की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज





