गोण्डा में फील्ड ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण में गैरहाजिरी पर कार्रवाई, शिक्षा विभाग और एसडीएम को सौंपी गई जिम्मेदारी
गोण्डा, 09 अक्टूबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत आयोजित फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 11 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की गई है। जिला जनगणना अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अनुपस्थिति की अवधि का वेतन अदेय करने के निर्देश दिए हैं।
श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, गोण्डा में 7 अक्टूबर से फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य को सुचारु एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी दी जा रही है। इसी दौरान 11 कर्मचारी प्रशिक्षण से अनुपस्थित पाए गए।
जिला जनगणना अधिकारी के अनुसार, अनुपस्थित कर्मचारियों में विभिन्न विद्यालयों के प्रवक्ता, सहायक अध्यापक तथा तहसीलों में तैनात लेखपाल शामिल हैं। इनमें कुछ कर्मचारी 7 अक्टूबर की द्वितीय पाली में अनुपस्थित रहे, जबकि कुछ 7 और 8 अक्टूबर को प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए।
शिक्षा विभाग और संबंधित एसडीएम को निर्देश
मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित उप जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 5 एवं 11 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों की अनुपस्थिति की तिथियों का वेतन अदेय किया जाए।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को की गई कार्रवाई की जानकारी जिला जनगणना अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के लिए आयोजित प्रशिक्षण में कर्मचारियों की उपस्थिति और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि आगामी जनगणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जा सके।
कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।




