नाम, पता और उम्र में त्रुटि सुधारने का भी मिलेगा मौका, ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध
**गोण्डा, 09 अक्टूबर।** मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के साथ ही दर्ज विवरणों में संशोधन की सुविधा भी दी जा रही है।
अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, बेघर व्यक्तियों तथा अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य **“कोई मतदाता न छूटे”** की भावना के अनुरूप प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराना है।
### अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित हैं अलग फार्म
उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद झा ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 का उपयोग किया जा सकता है। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फार्म-6A निर्धारित है। वहीं, मृतक, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु सहित अन्य विवरणों में संशोधन अथवा निवास स्थान बदलने पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 भरना होगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित फार्म बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), मतदाता पंजीकरण केंद्र, संबंधित तहसील अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
### मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें
जिला निर्वाचन प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्धारित फार्म भरकर पंजीकरण कराएं। वहीं, नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संशोधन के लिए आवेदन करें।
प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। विशेष अभियान के माध्यम से नए मतदाताओं को जोड़ने और सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने पर जोर दिया जा रहा है।
**कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट।**
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।



