महराजगंज, रायबरेली। दहेज में बुलट बाइक और एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसके 10 माह के दुधमुंहे बच्चे के साथ घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर महराजगंज पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के कुबना गांव निवासी अन्तिमा सिंह पुत्री स्वर्गीय बाबा बक्स सिंह का विवाह 9 जुलाई 2024 को उन्नाव जनपद के असोहा थाना क्षेत्र के समाधा गांव निवासी राघवेन्द्र सिंह के साथ हुआ था। पीड़िता के मुताबिक, विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार स्पेलेंडर बाइक और अन्य दान-दहेज देकर उसे विदा किया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में बुलट बाइक और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना की जाने लगी। पीड़िता का आरोप है कि 9 सितंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसके 10 माह के मासूम बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया।
पीड़िता किसी तरह अपने मायके कुबना पहुंची। आरोप है कि 24 सितंबर को ससुराल पक्ष के लोग बातचीत के लिए मायके पहुंचे, लेकिन अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थता जताने पर गाली-गलौज करते हुए वापस चले गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति राघवेन्द्र सिंह, देवर रावेन्द्र सिंह, रोली सिंह, शैलू सिंह, देवरानी सुनैना सिंह और सास साधना सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






