महराजगंज, रायबरेली। थाना क्षेत्र के खैरा गांव में एक ही परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित संजय पुत्र सुन्दरलाल के अनुसार, 6 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे उसकी मां प्रेमा और भाई मुकेश खेत में जानवर चरा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही रामखेलावन, अजय, विजय, अशोक सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में प्रेमा और मुकेश के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे संजय के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह भी घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
संजय की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बुधवार को चार नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






