महराजगंज/रायबरेली। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो-वीडियो को लेकर गढ़ी खास के प्रधान एवं इंडिया गठबंधन के बछरावां विधानसभा प्रत्याशी लक्ष्मीकांत रावत ने पत्रकारों से बातचीत कर अपनी सफाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और मिल रहे जनसमर्थन से घबराकर विपक्षी लोग उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।
लक्ष्मीकांत रावत ने बताया कि सुबह उनके घर के बाहर भीड़ जुटी देखकर उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिजनों से बातचीत की और मामले की जानकारी लेने के बाद लखनऊ पहुंचे। रावत के अनुसार, उन्होंने लड़की और लड़के को करीब डेढ़ घंटे के भीतर लेकर आकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से वह विधानसभा क्षेत्र के गरीबों, वंचितों और पीड़ित लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उनका प्रयास रहा है कि प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाने में हरसंभव मदद की जाए।
रावत ने कहा कि उनके खिलाफ की जा रही कथित साजिशें सफल नहीं होंगी। क्षेत्र की जनता और बुजुर्गों का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी जनता के बीच रहकर पीड़ितों और जरूरतमंदों की आवाज उठाते रहेंगे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





