महाराजगंज, रायबरेली। महाराजगंज नगर कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक नगर अध्यक्ष अंकुर जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान मतदाता सूची की जांच, पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुनिश्चित कराने तथा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं ने विचार-विमर्श किया।

बैठक में कांग्रेस नेता प्रिन्सू वैश्य ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। किसी भी पात्र नागरिक का नाम कागजी प्रक्रिया अथवा लापरवाही के कारण मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर SIR प्रक्रिया के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और मतदाताओं की समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर सक्रिय होकर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, नाम में त्रुटि है या SIR प्रक्रिया से संबंधित कोई समस्या अथवा जानकारी की आवश्यकता है, तो संबंधित क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं अथवा नगर कांग्रेस कमेटी से संपर्क किया जा सकता है।
नगर अध्यक्ष अंकुर जायसवाल ने भी कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं को जागरूक करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में हाजी जियाउल, पूर्व नगर पंचायत प्रत्याशी मनोज कसेरा, पूर्व प्रत्याशी इरशाद आलम, जैनुल आब्दीन (लाला मनिहार), राजा श्रीवास्तव, पूर्व सभासद अंकुर गुप्ता, नगर महामंत्री मो. साहिल, राजकुमार जायसवाल, अमर वैश्य, शकील गांधी सहित नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





