अतिवृष्टि को लेकर देवीपाटन मंडल में अलर्ट, फसल क्षति का सर्वे कराकर किसानों को मिलेगी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 27 सितम्बर। अतिवृष्टि के मद्देनजर देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने चारों जिलों के जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का तत्काल स्थलीय सर्वे एवं आकलन कराने को कहा है। राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर फसल क्षति का निष्पक्ष एवं पारदर्शी आकलन करेंगी, ताकि शासन के प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों को समय से राहत उपलब्ध कराई जा सके।उन्होंने निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों के किनारे बसे गांवों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया है।

जनहानि की रोकथाम सर्वोच्च प्राथमिकता।

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि अतिवृष्टि के दौरान जनहानि की रोकथाम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यकता के अनुसार प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, जर्जर भवनों एवं जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ चौकियों एवं कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, पंचायती राज, विद्युत और आपदा प्रबंधन विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, आवश्यक दवाएं एवं अन्य राहत सामग्री समय से उपलब्ध कराने को कहा गया है।

विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश

अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा रोस्टर के अनुसार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मण्डलायुक्त ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अतिवृष्टि के दौरान नदी-नालों, तेज बहाव वाले पानी और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें