फर्जी बिलों की आड़ में चंडीगढ़ से बिहार जा रही 40 लाख की शराब बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, रायबरेली। रायबरेली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों और बिलों की आड़ में चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब के अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। महराजगंज पुलिस, एसओजी/सर्विलांस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से करीब 40 लाख रुपये कीमत की 402 पेटी अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस बुधवार को थुलवांसा चेकिंग स्थल पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान आबकारी विभाग से सूचना मिली कि कंटेनर संख्या UP21CN5075 में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर त्रिपुला चौराहे से बाराबंकी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने कंटेनर को रोककर जांच की।

 

जांच के दौरान कंटेनर में कीटनाशक और उर्वरक के नाम से बिल्टी तैयार की गई थी, लेकिन पेटियों के अंदर पंजाब-चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित पार्टी स्पेशल और ब्लू स्ट्रोक ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।पुलिस के मुताबिक बरामद शराब में पार्टी स्पेशल की 750 एमएल की 48 पेटी, 375 एमएल की 37 पेटी और 180 एमएल की 26 पेटी तथा ब्लू स्ट्रोक की 750 एमएल की 129 पेटी, 375 एमएल की 91 पेटी और 180 एमएल की 71 पेटी समेत विभिन्न ब्रांडों की कुल 402 पेटियां शामिल हैं।

गिरफ्तार चालक की पहचान शाकिर निवासी जलालपुर, थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब को छिपाने के लिए कीटनाशक एवं उर्वरक के नाम पर फर्जी टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल और दूसरे मार्ग की बिल्टियां तैयार की जाती थीं। इसी जाली दस्तावेजों की आड़ में चंडीगढ़ से शराब बिहार पहुंचाई जाती थी।पूछताछ में शाकिर ने कथित तौर पर अपने मालिक सरताज अली पुत्र नन्हे निवासी गदीपुर, थाना कुंदरकी, मुरादाबाद के साथ मिलकर शराब की तस्करी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार से लाखों रुपये की कमाई की जाती थी।

पुलिस ने बरामद शराब और कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक शाकिर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें