महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के जमुरावा गांव में रविवार को 28 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के एक कमरे में लोहे के छल्ले से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, जमुरावा गांव निवासी मनीषा (28) पत्नी राजबहादुर का विवाह लगभग छह वर्ष पूर्व हुआ था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।

घटना की खबर मिलते ही विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। यदि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होती है तो उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








