महराजगंज,रायबरेली- कोतवाली क्षेत्र के कैर गांव में शुक्रवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता की अचानक मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान कोमल पत्नी अनिल गुप्ता के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदी नागिन गांव की रहने वाली कोमल का विवाह महज पांच माह पूर्व, 21 मार्च को कैय गांव निवासी अनिल गुप्ता के साथ हुआ था।
मृतका की सास कांती ने बताया कि शुक्रवार की शाम कोमल घर में काम कर रही थी, तभी अचानक उसके पेट में तीव्र दर्द उठा। हालत बिगड़ती देख परिजन आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से उसे सीएचसी महराजगंज ले गए। जहां तैनात चिकित्सक डॉ. अनिल भारद्वाज ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







