गर्भवती महिला समेत परिवार पर हमला, कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाया; तीन नामजद के खिलाफ शिकायत*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*महिलाओं से मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी*

महराजगंज (रायबरेली)। चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे हनुमंत सिंह मजरे ताजुद्दीनपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गर्भवती महिला समेत परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और कुल्हाड़ी से जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित शिवकुमार पुत्र शियाराम निवासी पूरे हनुमंत सिंह मजरे ताजुद्दीनपुर ने थाना चंदापुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही रमेश, आशीष और सुशील आए दिन उसे और उसके परिवार को प्रताड़ित करते हैं। आरोप है कि 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे उसकी बहन सावित्री, गीता तथा गर्भवती पत्नी अर्चना घर के दरवाजे पर बैठी थीं। तभी तीनों आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई, जिससे सावित्री गंभीर रूप से घायल हो गई।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों में से एक कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। गर्भवती अर्चना को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद वह किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल सका।

पीड़ित ने घटना की लिखित शिकायत थाना चंदापुर में देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें