महराजगंज/रायबरेली। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड महराजगंज सभागार में ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं पंचायत सहायकों के लिए एक दिवसीय ओएसआर (Own Source Revenue) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वयं के राजस्व स्रोतों को विकसित करने के प्रति जागरूक करना था।
प्रशिक्षण में लखनऊ मंडल से आए राज्य प्रशिक्षक संजीव कुमार मिश्रा ने ग्राम पंचायतों की स्व-अर्जित आय (ओएसआर) की अवधारणा, उसके महत्व और आत्मनिर्भर पंचायतों के निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि ग्राम पंचायतें अपने राजस्व स्रोतों को मजबूत करेंगी तो स्थानीय विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा तथा सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कर राजस्व एवं गैर-कर राजस्व की जानकारी देते हुए बताया कि कर, शुल्क और उपयोगकर्ता शुल्क के माध्यम से ग्राम पंचायतें अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकती हैं। साथ ही सरकार की मंशा के अनुरूप स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर पंचायतों को वित्तीय एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों को ओएसआर पोर्टल के संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें पोर्टल पर लॉगिन, शुल्क का ऑनलाइन विवरण दर्ज करने तथा क्रेडिट-डेबिट सहित वित्तीय लेन-देन का पारदर्शी रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि ग्राम पंचायतों द्वारा अर्जित राजस्व का उपयोग स्थानीय विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनहित की योजनाओं पर किया जाएगा, जिससे पंचायतों की आर्थिक स्वायत्तता और विकास क्षमता को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, विकासखंड के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं पंचायत सहायक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने इसे ग्राम पंचायतों की वित्तीय सुदृढ़ता की दिशा में महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक पहल बताया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








