रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का ऑनलाइन शुभारंभ किया। इस योजना के तहत उच्च शिक्षा विभाग के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां आगरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता और अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ ने संयुक्त रूप से जनपद के उच्च शिक्षा विभाग के 30 शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए।
प्रतिवर्ष मिलेगा 5 लाख तक का कैशलेस इलाज
योजना के तहत पात्र शिक्षकों और उनके परिवार के आश्रित सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक के मुफ्त एवं कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और छात्र-हितैषी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षकों का सम्मान और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के विद्यालयों की स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। शिक्षकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए उठाया गया यह कदम एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में यह अधिकारी रहे मौजूद
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्या प्रीति तिवारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी, अनुज मौर्या समेत उच्च शिक्षा विभाग के तमाम शिक्षकगण और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








