मथुरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक भावुक और सुखद घटना देखने को मिली। शनिवार दोपहर प्लेटफॉर्म नंबर-6 (आगरा छोर) पर यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा से पीड़ित एक महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और मेडिकल टीम की त्वरित कार्रवाई से जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ सीसीटीवी कंट्रोल रूम की नजर प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर एक महिला पर पड़ी, जिसे तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही उप स्टेशन प्रबंधक (कॉमर्शियल) ने रेलवे अस्पताल को अलर्ट किया। इसके बाद रेलवे अस्पताल के डॉ. अभय अपनी मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मेडिकल टीम के पहुंचने से पहले ही महिला का प्रसव हो चुका था। डॉ. अभय और उनकी टीम ने प्लेटफॉर्म पर ही जच्चा और नवजात बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की सहायता से दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल, मथुरा भेजा गया।
प्रसूता की पहचान धनकुंवर (35 वर्ष) निवासी बैरवारा, जनपद ललितपुर के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ हरियाणा के बावल से मथुरा जंक्शन पहुंची थीं और यहां से आगे ललितपुर जाने वाली थीं। बच्ची के जन्म के बाद परिजनों में खुशी का माहौल बन गया।
उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों के अनुसार, आपातकालीन स्थिति में रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और मेडिकल टीम की तत्परता तथा मानवीय सेवा भावना के चलते मां और नवजात बच्ची को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








