
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व मूलभूत सुविधाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश
बाराबंकी। आगामी श्रावण मास एवं नाग पंचमी मेले को लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील नवाबगंज के ग्राम मजीठा स्थित प्रसिद्ध श्री नाग देवता मजीठा धाम का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, मेला स्थल, पार्किंग, आवागमन मार्ग, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास और नाग पंचमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी यातायात से प्रस्तावित रूट डायवर्जन, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए समुचित कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा सहायता, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल क्षेत्राधिकारी आलोक पाठक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








