
गोंडा। नगर पालिका परिषद कर्नलगंज के मोहल्ला मोर्य नगर में नाला निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। वार्ड के सभासद अंकुर मौर्य ने जिलाधिकारी और देवीपाटन मंडल के आयुक्त को शिकायत भेजकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में अंकुर मौर्य का आरोप है कि पूर्व में कराए गए नाला निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया था। उनकी शिकायत पर तत्कालीन जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया था, जिसमें निर्माण कार्य में अनियमितताएं पाए जाने के बाद संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उसी ठेकेदार से दोबारा निर्माण कार्य कराया गया और वर्तमान में भी नाला निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि नए निर्माण कार्य का एस्टीमेट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि नाला निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) के अभियंताओं की देखरेख में कराया जाए तथा पहले हुए निर्माण की भी तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अंकुर मौर्य ने यह भी आरोप लगाया है कि शिकायत करने वालों पर दबाव बनाने और फर्जी मुकदमे दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की प्रताड़ना से बचाने की मांग की है।

वहीं, नगर पालिका परिषद कर्नलगंज की ओर से पूर्व में जारी पत्र में कहा गया था कि तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन करते हुए संबंधित ठेकेदार की स्वीकृत निविदा निरस्त कर दी गई थी, प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई थी तथा निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप कराए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई थी।
अब शिकायतकर्ता ने पुनः जिलाधिकारी और आयुक्त से मामले की स्वतंत्र जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









