तेज रफ्तार चौपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्नलगंज (गोण्डा)। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह गोंडा-लखनऊ हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे सिकिहा मोड़ के पास गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बाइक सवार बब्लू (54) पुत्र हरिशंकर निवासी कोंचा कासिमपुर मुरावनपुरवा, थाना कर्नलगंज, अपनी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्नलगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि मृतक सोनवारा स्थित एक ईंट भट्ठे पर मुंशी के पद पर कार्यरत थे और प्रतिदिन की तरह काम पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाला वाहन चौरी के पास स्थित एक दूध डेयरी से संबंधित बताया जा रहा है, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची कर्नलगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें