
पेड़ से गिरने पर गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची, इलाज में खर्च हुए तीन लाख रुपये; आर्थिक मदद की लगाई गई गुहार।
महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज विकासखंड के ग्राम टूक निवासी अख्तर अली का परिवार इन दिनों अपनी 12 वर्षीय बेटी के इलाज को लेकर गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। 29 जून को पेड़ से गिरने के कारण बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद एम्स, लखनऊ मेडिकल कॉलेज सहित कई अस्पतालों में इलाज का प्रयास किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
डॉक्टरों की जांच में बच्ची का पैंक्रियास (अग्न्याशय) गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाया गया, जिसके चलते तत्काल ऑपरेशन करना पड़ा। परिजनों के अनुसार अब तक ऑपरेशन, दवाइयों और अन्य उपचार पर करीब तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। यह पूरी राशि परिवार ने कर्ज और उधार लेकर जुटाई है।
पीड़ित पिता अख्तर अली ने बताया कि उनके पास न तो खेती योग्य जमीन है और न ही कोई स्थायी आय का साधन। ऐसे में आगे का इलाज और दवाइयों का खर्च उठाना परिवार के लिए बेहद कठिन हो गया है। उनका कहना है कि अब घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर बछरावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम सुंदर भारती पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने बच्ची के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक के अलावा क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने भी परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।
पीड़ित परिवार ने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और सक्षम नागरिकों से बच्ची के इलाज में सहयोग की अपील की है, ताकि उपचार बिना किसी बाधा के जारी रह सके। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है और लोग भी जरूरतमंद परिवार की सहायता के लिए आगे आने की अपील कर रहे हैं।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






