4 साल बाद खुला न्याय का रास्ता, गरीब परिवार की आंखों में छलके खुशी के आंसू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा।मंडलायुक्त कार्यालय में प्राप्त जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण का एक सकारात्मक उदाहरण सामने आया है। ग्राम सुरतीपुरवा, मौजा रामनगर तरहर, तहसील सदर निवासी भवानीभीख गुप्ता की चार वर्षों से लंबित पुश्तैनी रास्ते की समस्या का समाधान होने के बाद उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

भवानीभीख गुप्ता ने शिकायत की थी कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके पुश्तैनी रास्ते और निकास को पिछले चार वर्षों से अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे उनका परिवार घर से सार्वजनिक मार्ग तक नहीं पहुंच पा रहा था। मजबूरन परिवार को दूसरे के खेतों से होकर आवागमन करना पड़ता था। पीड़ित ने थाना दिवस, तहसील दिवस सहित कई अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

कुछ माह पूर्व भवानीभीख गुप्ता ने मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल एवं मीनू राणा से मिलकर अपनी व्यथा सुनाई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद पुश्तैनी रास्ते को खुलवाकर आवागमन सुचारू कराया गया।

न्याय मिलने के बाद मंगलवार को भवानीभीख गुप्ता अपनी पत्नी, पुत्र, बहुओं एवं पोते-पोतियों के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे और दुर्गा शक्ति नागपाल का सम्मान कर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उनके सहयोगी अधिवक्ता श्रीराम गुप्ता भी उपस्थित रहे।

यह मामला जन शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण की दिशा में प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें