गोण्डा। तहसील सदर में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 170 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 163 मामलों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच की जाए। जांच के दौरान दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी जाए तथा निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने विशेष रूप से अवैध अतिक्रमण, चकरोड, तालाब की भूमि, नाली तथा सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़े मामलों का राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के माध्यम से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर की गई कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने और शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति का लिखित अभिलेख तैयार करने के भी निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान मुजेहना क्षेत्र के पूरे सिधारी निवासी राघव ने वर्षो पूर्व मिले कृषि पट्टे की भूमि पर कब्जा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर शिकायत का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। वहीं इटियाथोक क्षेत्र के कुर्मिन पुरवा पारासराय निवासी अमरनाथ ने चक की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर नायब तहसीलदार एवं राजस्व टीम को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत तहसील सभागार में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां, पारिवारिक लाभ योजना की सहायता, आयुष्मान कार्ड, कृषि बीज तथा क्षय रोगियों को स्वास्थ्य किट वितरित किए गए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी सदर जीतेंद्र गौतम, तहसीलदार मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।


