महराजगंज/रायबरेली। कस्बा स्थित स्वदेश सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल वैन पर गुरुवार सुबह हुए हमले से हड़कंप मच गया। बच्चों को घर से लेकर स्कूल जा रही वैन पर एक व्यक्ति ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे वैन के शीशे टूट गए। टूटे शीशों के टुकड़े लगने से दो छात्र घायल हो गए, जबकि समय रहते पुलिस के पहुंचने से चालक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्वदेश सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल वैन पूरे रानी गांव से बच्चों को लेने जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े साइकिल सवार अखिलेश मौर्य को वैन से हल्का धक्का लग गया, जिससे उसकी साइकिल गिर गई। आरोप है कि इससे नाराज होकर अखिलेश मौर्य ने वैन चालक अखिलेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।
चालक अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागा तो आरोपित ने लाठी से स्कूल वैन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वैन के शीशे चकनाचूर हो गए। उस समय वैन में छह बच्चे सवार थे। अचानक हुए हमले और शीशे टूटने से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल डायल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित वैन से बाहर निकाला। इस दौरान टूटे हुए शीशे के टुकड़े वैन में सवार छात्र युवराज के चेहरे में घुस गए, जिससे वह घायल हो गया। घटना में एक अन्य छात्र के भी घायल होने की सूचना है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में अभिभावक कोतवाली पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। स्वदेश सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाध्यापक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







