दर्दनाक सड़क हादसे में युवक गंभीर घायल, अज्ञात बाइक चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने बड़े भाई को छोड़कर वापस घर लौट रहा था। टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हिलहा निवासी आदर्श सोनी (19 वर्ष) पुत्र सत्येंद्र सोनी अपने बड़े भाई को हलोर छोड़ने गए थे। वापस लौटते समय सुबह करीब 11 बजे जमुरावा गांव स्थित शिव मंदिर के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आदर्श सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद अज्ञात बाइक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जांच के उपरांत चिकित्सकों ने युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे एम्स रायबरेली भेज दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद परिजनों में चिंता और व्याकुलता का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें