रायबरेली। मानवता और सेवा भाव की एक प्रेरणादायक मिसाल रायबरेली में देखने को मिली, जहां मंत्री प्रतिनिधि शिवम् तिवारी ने जरूरतमंद मरीज की सहायता के लिए रक्तदान कर न केवल उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि समाज को भी सेवा और संवेदना का संदेश दिया।जानकारी के अनुसार, एक मरीज पिछले कई दिनों से उपचाराधीन था। उपचार के दौरान मरीज को रक्त की आवश्यकता पड़ी, जिसके लिए परिजन ब्लड बैंक पहुंचे। वहां उन्हें आवश्यक ब्लड ग्रुप के लिए डोनर की व्यवस्था करने को कहा गया। पहले से ही परेशान परिवार के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई और परिजन चिंता में डूब गए।
इसी दौरान किसी कार्य से ब्लड बैंक पहुंचे मंत्री प्रतिनिधि शिवम् तिवारी की नजर बाहर खड़े एक चिंतित व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने पीड़ित परिजन से बातचीत कर उसकी समस्या जानी। मरीज की गंभीर स्थिति और परिवार की मजबूरी सुनकर शिवम् तिवारी ने तत्काल सहायता का निर्णय लिया।उन्होंने बिना किसी देरी के स्वयं रक्तदान कर मरीज के लिए आवश्यक रक्त उपलब्ध कराया। रक्तदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरीज के परिजनों ने राहत की सांस ली और शिवम् तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में शिवम् तिवारी उनके लिए किसी देवदूत से कम नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और उनका परिवार लंबे समय से जनसेवा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। उन्हीं के सेवा भाव और संस्कारों का अनुसरण करते हुए शिवम् तिवारी ने भी मानवता का परिचय दिया है।शिवम् तिवारी के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है। लोगों का कहना है कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए।
यह घटना न केवल एक मरीज के लिए जीवनदायिनी साबित हुई, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गई कि सच्ची मानवता दूसरों के दुख-दर्द में सहभागी बनने और जरूरत के समय मदद के लिए आगे आने में ही निहित है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








