
गोण्डा, 22 मई 2026। जनपद की नोडल अधिकारी श्रीमती कंचन वर्मा ने गुरुवार को विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपद आगमन पर सर्किट हाउस में अधिकारियों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।निरीक्षण कार्यक्रम के तहत नोडल अधिकारी ने सबसे पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दर्जीकुंआ पहुंचकर एआई लैब का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षिक गतिविधियों एवं तकनीकी ज्ञान की जानकारी ली तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद उन्होंने विरवाबभनी स्थित गौशाला का निरीक्षण कर गोवंशों के लिए उपलब्ध चारा, पानी, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। पंचायत भवन विरवाबभनी में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।नोडल अधिकारी ने सिविल लाइन स्थित फायर ब्रिगेड परिसर में निर्माणाधीन कर्मचारी आवास का भी निरीक्षण किया तथा कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बाद में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज







