बढ़ती महंगाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन, बैलगाड़ी पर पहुंचे प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

परसपुर, गोंडा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव के नेतृत्व में गुरुवार को परसपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दाम, नीट परीक्षा विवाद तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन द्वारा रैली की अनुमति न दिए जाने पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान दिग्विजय सिंह बैलगाड़ी पर सवार होकर पहुंचे और पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।

इसके बाद सपा नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन स्थानीय अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने, दवाइयों, गृह उपयोगी वस्तुओं व एलपीजी गैस के दाम घटाने, गेहूं क्रय केंद्रों पर बोरे की कमी दूर कर सुचारु तौल सुनिश्चित कराने तथा बिचौलियों पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेने और पुलिस उत्पीड़न रोकने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में नीट परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों पर पड़े आर्थिक बोझ का उल्लेख करते हुए प्रभावित छात्रों को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी परेशान है और सरकार को जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर राहत प्रदान करनी चाहिए।

इस दौरान नायब तहसीलदार विकास, थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। कार्यक्रम में अरुण त्रिपाठी, सूरज सिंह, संदीप पांडेय, विनोद मौर्य, मनोज यादव, महबूब खान, राजेश तिवारी, कलीम खान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें