कर्नलगंज (गोंडा)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 (तृतीय चरण) के अंतर्गत जनपद गोंडा में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 12 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली कर्नलगंज की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम द्वारा ग्राम गौरवा खुर्द में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक गोंडा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक श्री राधेश्याम राय एवं क्षेत्राधिकारी श्री अभिषेक दावांच्या के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रभारी निरीक्षक श्री नरेंद्र प्रताप राय के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, बाल अपराध, शोषण एवं एसिड अटैक जैसी घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, मुख्यमंत्री द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 की विशेषताओं और प्रत्येक थाने में स्थापित ‘मिशन शक्ति केंद्र’ के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित टीम द्वारा महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्डलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 102 व 108 (स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस सेवा) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी समझाया गया और जागरूकता हेतु पंपलेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर मिशन शक्ति टीम की सदस्य उपनिरीक्षक खुशबू श्रीवास्तव, कांस्टेबल अमित कुमार एवं महिला आरक्षी निधि वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज






