


गोण्डा, 25 मार्च 2026। जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में पेट्रोल पंप संचालकों, प्रबंधकों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सभी कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है तथा नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी ने भी स्पष्ट किया कि ईंधन की कमी को लेकर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ने पंप संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी तरीके से ईंधन उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी न होने पाए।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जिले में स्थिति सामान्य है और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज






