15 दिन में पूरा करें फार्मर रजिस्ट्री व सीमांकन कार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई – जिलाधिकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 13 मार्च 2026।जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में तहसील मनकापुर के विकास एवं राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड विकास अधिकारी, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक तथा ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, चकमार्ग एवं सार्वजनिक भूमि के सीमांकन के साथ-साथ जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवों और लेखपालों से फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसानों के अभिलेखों के डिजिटलीकरण व सत्यापन के लिए यह कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।

समीक्षा के दौरान गांवों में चकमार्ग तथा सार्वजनिक भूमि के सीमांकन पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि चकमार्ग और सार्वजनिक भूमि का स्पष्ट सीमांकन ग्रामीण विकास और सार्वजनिक उपयोग के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में संचालित परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन कर स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करें, जिसमें कार्य की वर्तमान स्थिति और संचालन की जानकारी शामिल हो।

 

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिनों के भीतर फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, चकमार्ग एवं सार्वजनिक भूमि सीमांकन तथा जल जीवन मिशन से जुड़े सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत अधिकारी लालजी दुबे, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, एसडीओ कृषि शिव शंकर चौधरी तथा मनकापुर, बभनजोत और छपिया के खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें