गोण्डा। थाना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मृतक के सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।
घटना 3 फरवरी 2026 की रात की है, जब 30 वर्षीय शिवशंकर दुबे की अज्ञात हमलावरों द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक तहरीर में पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था, किंतु जांच के दौरान बयानों में विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू की।
जांच के क्रम में पुलिस ने मृतक के सगे भाई अमरनाथ दूबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसे संदेह था कि उसका बड़ा भाई जानबूझकर आर्थिक मदद नहीं कर रहा है, जिससे उसके मन में द्वेष उत्पन्न हो गया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 27 जनवरी को 60 रुपये में चाकू खरीदा और 31 जनवरी को उसकी धार तेज कराई। 3 फरवरी की रात खेत में पानी लगाने के बहाने भाई को सुनसान स्थान पर ले जाकर उस पर कई वार किए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मृतक के पास से रुपये निकालकर खेत की मेड़ में छिपा दिए।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 31,500 रुपये नकद एवं आलाकत्ल चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज









