
कर्नलगंज, गोंडा। जनपद के कर्नलगंज क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन बड़े हर्ष और उल्लास के साथ नगर और आसपास के ग्रामों में भ्रमण के बाद किया जा रहा है। दशहरा के दिन रावण दहन के बाद से ही विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया था, जो अभी भी जारी है।
मेला प्रबंधक के अनुसार, दशहरे के दिन 64 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया था। आज, शुक्रवार को शाम 7 बजे तक लगभग 80 प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है। घाट पर भी अन्य प्रतिमाओं को विसर्जित किया जा रहा है। अनुमान है कि आज देर रात तक लगभग 150 प्रतिमाओं का विसर्जन हो जाएगा और सभी प्रतिमाएं विसर्जित कर दी जाएंगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।

विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। घाट पर लाइट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। सभी प्रतिमाओं को शांतिपूर्ण ढंग से एक-एक करके विसर्जित किया जा रहा है।
एसपी विनीत जायसवाल ने लिया जायजा।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एस पी) विनीत जायसवाल ने कर्नलगंज पहुंचकर विसर्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर भ्रमण कर मूर्तियों की स्थिति देखी और मेला कमेटी के सदस्यों से बातचीत की। जायजा लेने के बाद उन्होंने पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और गोंडा के लिए रवाना हो गए। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







