

आईजी के आदेश पर सीमावर्ती बैरियरों की जांच-पड़ताल, मांझगांव नहर चौकी और रायबरेली-अमेठी सीमा पर हुई सघन चेकिंग
महराजगंज/रायबरेली।पुलिस महानिरीक्षक उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिले की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने उपनिरीक्षक रजत वर्मा, दीवान ज्ञानेंद्र तिवारी एवं पुलिस बल के साथ जिले की सीमाओं पर स्थापित बैरियरों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने बैरियरों पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी परखी और आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कराई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने मांझगांव नहर चौकी स्थित रायबरेली-अमेठी जनपद की सीमा पर बनाए गए बैरियर पर पहुंचकर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा सीमा से गुजरने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने वाहनों को रोककर उनकी जांच-पड़ताल की और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी।
इन बैरियरों को स्थापित करने का प्रमुख उद्देश्य आवश्यकता पड़ने पर जिले की सीमाओं को तत्काल सील करना है, ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा अपराधी पुलिस की निगरानी से बचकर जिले से बाहर न निकल सके। विशेष रूप से रायबरेली-अमेठी सीमा पर स्थित मांझगांव नहर चौकी का बैरियर सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर नजर रखना तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजत वर्मा एवं दीवान ज्ञानेंद्र तिवारी की मौजूदगी में की गई इस चेकिंग से स्पष्ट संदेश है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और सघन चेकिंग लगातार जारी रहेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







