निराश्रित गोवंशों को सड़कों से हटाकर नजदीकी गौशालाओं में संरक्षित कराएं अधिकारी : राजेश सिंह सेंगर*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गौशालाओं में हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, दवाओं एवं गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करें : सदस्य गो सेवा आयोग।

जिलाधिकारी ने शीतलहर से गोवंशों के बचाव हेतु सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश

*गोण्डा 16 नवम्बर,2026*।कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय सदस्य गो सेवा आयोग श्री राजेश सिंह सेंगर की अध्यक्षता में गोवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में माननीय सदस्य गो सेवा आयोग श्री राजेश सिंह सेंगर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में सड़क पर निराश्रित गोवंश दिखाई देता है तो उस क्षेत्र के संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों का दायित्व है कि तत्काल गोवंश को नजदीकी गौशाला में संरक्षित कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर निराश्रित गोवंशों का विचरण किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति द्वारा अपना गोवंश लावारिस छोड़ने की जानकारी प्राप्त होती है तो संबंधित व्यक्ति को चिह्नित करते हुए नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिकारी नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामान की गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि की जांच अवश्य करें। गौवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरे चारे, स्वच्छ पेयजल एवं समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। बीमार गोवंशों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा उनके खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी गोवंश को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने माननीय सदस्य गो सेवा आयोग का आभार व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी शीतलहर को देखते हुए गोवंशों के बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। गौशालाओं में ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम, पशुओं के लिए चारा, स्वच्छ पानी एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नियमित रूप से निगरानी की जाए।

बैठक के पहले माननीय सदस्य गो सेवा आयोग श्री राजेश सिंह सेंगर द्वारा जनपद की दो गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। इनमें गौशाला तेंदुआ रानीपुर, छपिया तथा गौशाला दौलतपुर, बभनजोत शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण, खानपान, स्वास्थ्य एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंश संरक्षण के कार्य को पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें