
गोंडा। जिले में सोमवार को भूमि विवाद ने एक बार फिर प्रशासन की नींद उड़ा दी। खरगू चांदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रामकिशुन न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर कलेक्ट्रेट परिसर के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। अचानक हुई इस घटना से अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
रामकिशुन का आरोप है कि उसके पट्टीदारों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और घर का रास्ता भी बंद कर दिया है। एक महीने से उपजिलाधिकारी कर्नलगंज से गुहार लगाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर उसने यह खतरनाक कदम उठाया। टंकी पर चढ़कर उसने हाथ जोड़कर कहा—“न्याय दिलाओ, नहीं तो यहीं से कूद जाऊंगा।” उसकी बातों ने वहां मौजूद लोगों को दहशत में डाल दिया।करीब एक घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मशक्कत की। मौके पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और नगर कोतवाल ने जांच कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर दोपहर डेढ़ बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।गौरतलब है कि गोंडा में यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी भूमि विवादों को लेकर लोग टंकी पर चढ़कर आवाज बुलंद कर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि त्वरित कार्रवाई न होने से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी दिखाता है।

Author: Hind Lekhni News
"पत्रकारिता में सच्चाई लिखना जिम्मेदारी और साहस का काम है। जितनी खबरें, उतनी चुनौतियां और विरोधी भी बनते हैं, इसलिए सहिष्णुता, धैर्य और संतुलित सोच के साथ ही इस रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए" "मेरा अनुभव" अधिक न्यूज पढ़ने के लिए आज ही सर्च करें,(HIND LEKHNI NEWS)