लालगंज बाईपास पर भीषण हादसा: दादी और पांच वर्षीय नातिन की मौत, चार गंभीर घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने मऊ गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस

**महराजगंज/रायबरेली।** लालगंज बाईपास पर मंगलवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला और पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद के बिशुनपुर खागा से उन्नाव जनपद के पुरवा में बारात जा रही थी। मंगलवार रात करीब दस बजे बारात में शामिल तीन कारें जब रायबरेली के लालगंज बाईपास से गुजर रही थीं, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित रोडवेज बस ने तीनों कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में चंदापुर थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी नफीसुन निशा (65) पत्नी आफाक और उनकी पांच वर्षीय नातिन आयत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, अकरम, बाबू रायनी पुत्रगण आफाक, नसीमा परवीन पत्नी बाबू रायनी तथा चंदापुर गांव निवासी दिलशाद अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने कारों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नफीसुन निशा और मासूम आयत को मृत घोषित कर दिया। चारों गंभीर घायलों का एम्स में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पीड़ित परिवार से मिले सपा विधायक

बुधवार सुबह हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय सपा विधायक श्याम सुंदर भारती मऊ गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए बेहतर इलाज के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।विधायक ने कहा कि एक ही परिवार की बुजुर्ग महिला और मासूम बच्ची की सड़क हादसे में असमय मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है। दुख की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात करने का भी आश्वासन दिया।

दो पीढ़ियों की मौत से गांव में मातम

हादसे के बाद मऊ गांव में शोक की लहर है। जिस परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए खुशी-खुशी बारात में जा रहे थे, उसी परिवार की दो पीढ़ियों की एक साथ मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया। दादी और पांच वर्षीय मासूम नातिन की दर्दनाक मौत से पूरे गांव मेंमातम पसरा हुआ है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें