गोंडा। जिले के कौड़िया बाजार क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। हादसे में जान गंवाने वाली 30 वर्षीय रीता उर्फ खुशबू और उनके 11 वर्षीय बेटे लकी जायसवाल का रविवार को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। मां की चिता के ठीक बगल में बेटे को दफनाया गया। इस मार्मिक दृश्य ने मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे आर्यनगर चौराहे पर एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई थी। बताया जाता है कि पहले 11 वर्षीय लकी वाहन की चपेट में आया। बेटे को बचाने के लिए दौड़ी मां रीता उर्फ खुशबू भी वाहन की चपेट में आ गईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों के शव परिजनों को सौंपे गए। इसके बाद परिवार शव लेकर कटरा बाजार थाना क्षेत्र के गंगादीन पुरवा स्थित अपने घर पहुंचा, जहां हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया। पति हरिओम जायसवाल ने नम आंखों से पत्नी को मुखाग्नि दी, जबकि 11 वर्षीय लकी को मां की चिता के बगल में दफनाया गया।
इस हृदयविदारक हादसे ने हरिओम जायसवाल का पूरा परिवार उजाड़ दिया। परिवार का तीन वर्षीय बेटा अक्षय एक ही पल में अपनी मां और बड़े भाई को खो बैठा। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
उधर, हादसे के मामले में कौड़िया बाजार पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। कौड़िया थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार कर दिया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








