‘सिर्फ बरामदगी नहीं, पूरे नेटवर्क का सफाया लक्ष्य’ :

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 कोडीन सिरप मामले पर आईजी देवीपाटन का बड़ा संदेश, गोंडा की जांच पर भी बढ़ीं निगाहें

 

गोंडा/बहराइच। नेपाल सीमा से सटे होने के कारण देवीपाटन मंडल में कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी और कारोबार लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। इसी बीच देवीपाटन मंडल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक कुमार शुक्ला का इस मुद्दे पर बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कोडीन सिरप की खेप बरामद करना नहीं, बल्कि उसके भंडारण, सप्लाई चेन और पूरे अवैध नेटवर्क का पूरी तरह सफाया करना है। उन्होंने दो टूक कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आईजी के इस सख्त संदेश के बाद अब गोंडा में मई 2026 के अंतिम सप्ताह में महादेवा क्रॉसिंग के पास स्थित एक कूरियर कार्यालय से बरामद 132 पेटी कोडीनयुक्त कफ सिरप का मामला भी एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस प्रकरण में बड़ी मात्रा में सिरप बरामद होने के बावजूद अब तक जांच की प्रगति को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

दूसरी ओर बहराइच में पुलिस ने इस मामले में लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए रूपईडीहा थाना क्षेत्र से एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के परसौड़ा गांव स्थित एक अवैध गोदाम पर भी छापा मारा गया, जहां से बड़ी मात्रा में कोडीन सिरप बरामद हुई। गोदाम संचालक को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा अवैध गोदाम को सीज कर दिया गया।

देवीपाटन मंडल के इन दोनों मामलों की तुलना अब स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बन गई है। एक ओर बहराइच में गिरफ्तारियां, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई और आईजी स्तर पर मॉनिटरिंग देखने को मिली, वहीं गोंडा में जांच का फोकस अब तक सप्लाई चेन, दस्तावेजों, खरीदारों तथा प्रिस्क्रिप्शन नेटवर्क की पड़ताल पर केंद्रित बताया जा रहा है।

ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गोंडा में बरामद 132 पेटी कोडीनयुक्त कफ सिरप के मामले की जांच फिलहाल किस चरण में पहुंची है, पूरे नेटवर्क का कितना खुलासा हो सका है, क्या मुख्य जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हुई है और क्या गोंडा तथा बहराइच के मामलों के बीच किसी साझा सप्लाई नेटवर्क के तार जुड़े हुए हैं। आईजी के हालिया बयान के बाद इन सवालों के जवाब और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें