महराजगंज/रायबरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड अमावा की ग्राम पंचायत लोधवामऊ स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जिलाधिकारी के निर्देशन में वृहद जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, ओडीओपी तथा मुख्यमंत्री आवास योजना सहित केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण भी कराया गया।
इस अवसर पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रायबरेली के प्रत्येक नागरिक को सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना सरकार का मुख्य उद्देश्य है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया तथा विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किए। निश्चय अभियान के अंतर्गत टीबी उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। विधायक ने निश्चय किट का वितरण करते हुए लोगों से समय पर जांच एवं उपचार कराने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान आरओ वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके आवास की चाभियां सौंपी गईं तथा दो नए पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। स्वयं सहायता समूह की एक सदस्य को ग्राम संगठन के माध्यम से उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर की चाभी भी सौंपी गई।
इसके अलावा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुष्टाहार वितरित किया गया।
रात्रि चौपाल में खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह, अंजू यादव, संजय सिंह, संगीता देवी, एडीओ सहकारिता राजन सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष अमावा ऋषि सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







