
बालपुर, गोंडा। क्षेत्रीय ग्रामीणों को एक ही स्थान पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को बालपुर पुलिस चौकी मैदान में साप्ताहिक बाजार का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपजिलाधिकारी कर्नलगंज नेहा मिश्रा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बाजार पहुंचकर खरीदारी की।

साप्ताहिक बाजार में सब्जियां, फल, कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा अन्य आवश्यक सामानों की दुकानें लगाई गईं। बाजार में उचित एवं सस्ते दामों पर सामान उपलब्ध होने से लोगों ने जमकर खरीदारी की। ग्रामीणों का कहना है कि साप्ताहिक बाजार शुरू होने से उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों का सामान एक ही स्थान पर आसानी से मिल जाएगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उद्घाटन के दौरान उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने कहा कि साप्ताहिक बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों को भी बेहतर अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बाजारों से ग्रामीणों को उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र के छोटे व्यापारियों की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने लोगों से बाजार को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए लाभकारी कदम बताया। आयोजकों ने बताया कि अब प्रत्येक रविवार को बालपुर पुलिस चौकी मैदान में नियमित रूप से साप्ताहिक बाजार का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







