कर्नलगंज, गोंडा। तहसील कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम कादीपुर निवासी आशीष कुमार सिंह ने उपजिलाधिकारी कर्नलगंज को शिकायती पत्र देकर गांव के सार्वजनिक तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ता आशीष कुमार सिंह का आरोप है कि ग्राम कादीपुर स्थित गाटा संख्या 59 के तालाब में लंबे समय से कूड़ा-कचरा डाला जा रहा है। उनका कहना है कि कूड़ा डालने की आड़ में दबंगों द्वारा तालाब के अधिकांश हिस्से को पाट लिया गया है, जिससे तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो सार्वजनिक उपयोग की यह भूमि पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में आ सकती है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि तालाब की भूमि पर लगातार कूड़ा फेंके जाने से उसका मूल स्वरूप बिगड़ रहा है तथा पर्यावरणीय नुकसान के साथ-साथ जल संरक्षण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने संबंधित लोगों पर तालाब की भूमि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आशीष कुमार सिंह ने उपजिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि राजस्व विभाग की टीम भेजकर मौके की पैमाइश कराई जाए तथा तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उधर, उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तालाब की भूमि की पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। अब क्षेत्र में चर्चा का विषय यह है कि प्रशासनिक आदेशों का प्रभावी पालन होता है या फिर कथित रसूखदारों का दबाव कार्रवाई की राह में बाधा बनेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सार्वजनिक तालाबों और जल स्रोतों का संरक्षण समय की आवश्यकता है तथा प्रशासन को इस दिशा में कठोर कदम उठाने चाहिए।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







