
*गोण्डा 20 जून,2026*।
तहसील करनैलगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं के निस्तारण के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम के उपरान्त जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र, पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानंद प्रसाद ने विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, बीज किट, प्रमाण पत्र एवं अन्य सहायता सामग्री का वितरण किया।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को गृह प्रवेश हेतु चाबियों का वितरण कर उनके सपनों के आशियाने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया। राजस्व विभाग द्वारा ग्रामीण आबादी अभिलेख (घरौनी) प्रमाण पत्रों का वितरण कर लाभार्थियों को उनकी संपत्तियों का वैधानिक अधिकार सुनिश्चित किया गया।
कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज वितरित किए गए, जिससे उनकी कृषि उत्पादकता में वृद्धि हो सके। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को स्वीकृति पत्र प्रदान कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति दी गई। जिला प्रोवेशन विभाग द्वारा योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं क्षय रोग के मरीजों को खाद्य सामग्री का किट वितरण किया गया।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







