गोण्डा। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनपद में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन सहित सभी तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि योग दिवस स्वस्थ जीवनशैली और भारतीय संस्कृति के वैश्विक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बैठक में आयोजन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकाधिक जनसहभागिता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए तथा सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







