कर्नलगंज, गोंडा। श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं नगर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद वी.के. श्रीवास्तव ने स्थानीय सभासद सहित कुछ लोगों पर रंगदारी मांगने, निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।शिकायत में वी.के. श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मौर्य नगर स्थित सरयू महाविद्यालय रोड पर गाटा संख्या 787 में 17.5 फुट चौड़ा एवं 60 फुट लंबा भू-भाग विधिवत पंजीकृत बैनामे के माध्यम से क्रय किया है। उक्त भूमि पर चारदीवारी का निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
प्रबंधक द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के अनुसार, स्थानीय सभासद अनिल गुप्ता एवं उनके साथ आए अन्य लोगों ने निर्माण कार्य में हस्तक्षेप करते हुए उसे रुकवा दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्माण के लिए लगाए गए पत्थरों को उखाड़ने का प्रयास किया गया तथा निर्माण कार्य जारी रखने के बदले धनराशि की मांग की गई।
वी.के. श्रीवास्तव का कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकियां भी दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की गतिविधियों से उनका वैध निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है तथा परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रबंधक ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से शासन एवं प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, वैध निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कराने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
उधर, शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज होने के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच किए जाने की संभावना है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








