सातवें बड़े मंगल पर अस्तित्व केएसके फिलिंग स्टेशन पर भव्य भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के अवसर पर क्षेत्रभर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, हवन-पूजन तथा विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। विभिन्न आयोजनों में श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप हलुआ-पूड़ी, बूंदी, शरबत, छोला-चावल एवं चने का वितरण किया गया।

इसी क्रम में महराजगंज कस्बे के बछरावां रोड स्थित अस्तित्व केएसके फिलिंग स्टेशन पर सातवें बड़े मंगल के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन फिलिंग स्टेशन के प्रोपराइटर विमल रस्तोगी एवं उनकी पत्नी रश्मि रस्तोगी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधानपूर्वक हनुमान जी महाराज की पूजा-अर्चना एवं हवन-पूजन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया तथा बजरंगबली से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

हवन-पूजन के पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं को श्रद्धाभाव के साथ छोला-चावल एवं लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा और देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।

इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि शिवम तिवारी, भाजपा नेता प्रभात साहू, कमलेश रस्तोगी, विजय वैश्य, जगदीप वर्मा, सुधीर साहू, सुरेंद्र शुक्ला, संदीप तिवारी, विनय गुप्ता, पवन साहू, संजू वैश्य, प्रदीप रस्तोगी, अश्वनी सिंह उर्फ पिंटू, रिंकू जायसवाल सहित अनेक समाजसेवी, व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजक विमल रस्तोगी एवं रश्मि रस्तोगी ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़े मंगल का पर्व सेवा, समर्पण और लोककल्याण का संदेश देता है। उन्होंने भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

सातवें बड़े मंगल पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सेवा भावना और सद्भाव का भी प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें