महराजगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के ओनई जंगल मजरे जतुवा गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने रविवार को तूल पकड़ लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किए जाने तक अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशासन के हस्तक्षेप और मुकदमा दर्ज होने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ तथा अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

जानकारी के अनुसार, ओनई जंगल निवासी 24 वर्षीय बृजेश कुमार का शव शनिवार सुबह उसकी ससुराल गोलहा मजरे थुलवासा स्थित एक कमरे में गमछे के फंदे से लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि बृजेश की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। उनका कहना है कि शव फंदे से लटका जरूर था, लेकिन उसके पैर जमीन पर मुड़े हुए थे, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। मृतक के बड़े भाई ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या की आशंका जताई थी।परिजनों का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज होकर रविवार को शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों और परिजनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जब तक आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। तनावपूर्ण माहौल और बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस भी तैनात की गई। इसके बावजूद परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे।दोपहर में उपजिलाधिकारी गौतम सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की और निष्पक्ष जांच के साथ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के भरोसे के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए सहमत हो गए।
इसके बाद मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मृतक की पत्नी सोमवती, साली फूलमती, ससुर देवता दीन और सास माधुरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि युवक की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







