हनुमान मंदिर के 15वें स्थापना दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मोन ग्राम पंचायत में भव्य धार्मिक आयोजन, विशाल भंडारे में देर शाम तक जुटी रही श्रद्धालुओं की भीड़

रायबरेली से सुमित श्रीवास्तव की रिपोर्ट।

महराजगंज/रायबरेली। क्षेत्र की मोन ग्राम पंचायत स्थित महर्षि बाबा ओरीदास मंदिर प्रांगण में श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और सेवा का माहौल बना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार प्रातः श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ से हुई, जो बुधवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे संपन्न हुआ। इसके बाद तपोस्थली के महंत झब्बूदास जी महाराज के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन कराया गया। श्रद्धालुओं ने हवनकुंड में आहुतियां अर्पित कर भगवान श्री हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

पूजन के उपरांत विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महंत झब्बूदास जी महाराज ने बताया कि इस वर्ष लगभग दस हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। समाचार लिखे जाने तक करीब सात हजार श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर चुके थे, जबकि देर शाम तक भंडारा जारी रहा।

उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि एवं गंगादशहरा के पावन अवसर पर श्री हनुमान जी महाराज का स्थापना दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष मंदिर का 15वां स्थापना दिवस विशेष भव्यता के साथ आयोजित किया गया।

भंडारे के लिए 10 कुंतल आटा, 10 टीन रिफाइंड तेल, 11 कुंतल कद्दू, 6 कुंतल आलू, 50 किलोग्राम आम, 50 किलोग्राम गुड़ तथा 5 किलोग्राम देशी घी का उपयोग किया गया। प्रसाद तैयार करने के लिए 15 कारीगरों की टीम और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सेवा कार्य संभाला।

इस अवसर पर मंदिर के दोनों मुख्य द्वारों पर क्रमशः 1 कुंतल 25 किलोग्राम एवं 1 कुंतल 51 किलोग्राम वजनी विशाल पीतल के घंटों की स्थापना भी कराई गई, जिससे मंदिर की भव्यता और बढ़ गई है।

कार्यक्रम में चंदभान सिंह, रामू सिंह, भैयालाल, अन्नू सिंह, रामचंद्र सिंह, ग्राम प्रधान श्याम कला, प्रधान प्रतिनिधि अमरेश कुमार, सुशील सिंह, मुन्ना सिंह, धन्नू सिंह, गुड्डू बाजपेई, पुनीत बाजपेई, रोहन साहू, रामसमुझ मौर्य, अबी बाजपेई, सन्नी सिंह, अमरेश पाल, राम प्रसाद प्रधान प्रतिनिधि, राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण सेवा कार्यों में सक्रिय रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें