देवीपाटन मंडल को मिली सख्त छवि की नई कमिश्नर, प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा। देवीपाटन मंडल को नई कमिश्नर के रूप में एक सख्त और तेज-तर्रार अफसर मिल गई हैं। 2010 बैच की आईएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की तैनाती से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। उनकी कार्यशैली को देखते हुए माफिया और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों की चिंता बढ़ना तय माना जा रहा है। वर्तमान कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील का स्थानांतरण कर दिया गया है।

आगरा में जन्मीं दुर्गा शक्ति नागपाल ने बीटेक के बाद यूपीएससी में शानदार रैंक हासिल कर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। नोएडा में एसडीएम के रूप में तैनाती के दौरान उन्होंने अवैध बालू खनन के खिलाफ कड़ा अभियान चलाते हुए सैंड माफिया पर सीधा प्रहार किया। उनके इस एक्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित बना दिया।

साल 2013 में उनका अचानक हुआ सस्पेंशन भी बड़ा विवाद बना। आधिकारिक तौर पर धार्मिक स्थल की दीवार गिराने को कारण बताया गया, लेकिन इसे उनके सख्त एक्शन से जोड़कर भी देखा गया। बढ़ते विरोध के बाद सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा, जिससे उनकी ईमानदार और निडर अफसर की छवि और मजबूत हुई।

इसके बाद उन्होंने कई जिलों में कानून-व्यवस्था, राजस्व और विकास कार्यों में सख्त पकड़ बनाई। अब देवीपाटन मंडल की कमान संभालते हुए उनसे प्रशासनिक सुधार और सख्त कार्रवाई की बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें