गैस एजेंसी कर्मियों पर धोखाधड़ी व कालाबाजारी का आरोप, सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, कर्नलगंज। घरेलू गैस वितरण में अनियमितताओं का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर धोखाधड़ी और कालाबाजारी के आरोप लगे हैं। वार्ड नंबर-2 कंजरपुरवा निवासी संतोष कुमार ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार, उन्होंने 8 मार्च को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से गैस सिलेंडर बुक कराया था। आरोप है कि 9 मार्च को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हुए डिलीवरी की पुष्टि की और मोबाइल पर आए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) की जानकारी मांगी। भरोसा दिलाया गया कि कोड साझा करने पर शीघ्र गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाएगी।

संतोष कुमार ने विश्वास में आकर कोड साझा कर दिया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिला। 21 मार्च को जब वह एजेंसी पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर पहले ही सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज हो चुकी है और अब अगली बुकिंग पर ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

इस पर पीड़ित ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर मिलीभगत कर फर्जी डिलीवरी दिखाकर गैस की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर गुमराह किया गया और उनका हक का सिलेंडर कहीं और बेच दिया गया।

पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

वहीं, इस संबंध में उपजिलाधिकारी कर्नलगंज नेहा मिश्रा ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत प्राप्त होने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें