घटिया सड़क निर्माण पर सख्त एक्शन: एक हफ्ते में रिपोर्ट तलब, जांच कमेटी गठित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा। जिले में हाल ही में बनी सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। वायरल वीडियो और स्थानीय शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए देवीपाटन मंडल के कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मामला परसपुर विकासखंड के कुड़ियावां ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली नई सड़क का है। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य शुरू होने के महज 20 दिन के भीतर ही सड़क की हालत खराब हो गई। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और गिट्टियां उखड़कर बाहर आने लगी हैं।

स्थानीय निवासी राधेश्याम उर्फ बबलू सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। उनका कहना है कि सड़क पूरी तरह तैयार होने से पहले ही टूटने लगी, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग लकड़ी की सहायता से आसानी से सड़क की गिट्टियां उखाड़ते नजर आ रहे हैं। गिट्टियां हटाने पर नीचे पुरानी सड़क और मिट्टी दिखाई दे रही है, जिससे निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर ने दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग गोण्डा के अधिशासी अभियंता और यूपी सिडको के परियोजना प्रबंधक को शामिल किया गया है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपे।

कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क के पुनर्निर्माण की मांग उठाई है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें